नीमच। प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। कल शुक्रवार को भी नीमच, मंदसौर सहित मालवा के कई जिलों में बारिश हुई। अचानक हुई बारिश ने नागरिकों को तेज गर्मी से राहत दी। लेकिन आज शनिवार को फिर लोगों को सूरज के तीखे तेवरों का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच मौसम विभाग ने एक बाार फिर एमपी के कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
आईएमडी भोपाल की सीनियर वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया कि तीन वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) के एक्टिव है। इसकी वजह से साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम और हवा का रुख बदला है। प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश का दौर चल रहा है। 14 मई तक मौसम बदला ही रहेगा। प्रदेश में आकाशीय बिजली गिरने का भी अनुमान है, इसलिए बादलों की गरज-चमक के दौरान लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
कब, कहां होगी बारिश-
प्रदेश में आज 11 मई को राजगढ़, बैतूल, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, दमोह और कटनी में ऑरेंज अलर्ट है। भोपाल, सीहोर में भी बादल-आंधी का दौर रहेगा। बाकी जिलों में भी बादल छाए रहेंगे। कहीं-कहीं बारिश भी हो सकती है। वहीं 12 मई को राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा 13 मई को भी प्रदेश के सभी जिलों में मौसम बदला रहेगा। कहीं बादल रहेंगे तो कहीं आंधी चलेगी। 14 मई को प्रदेश के कुछ जिलों में ही मौसम बदला रहेगा। नीमच, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ, धार, इंदौर, देवास, सीहोर, पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, अनूपपुर, दमोह, पन्ना, सतना, मैहर, रीवा, मऊगंज और अनूपपुर में हल्की बारिश होने की संभावना है।