देवास। लोकसभा निर्वाचन 13 मई को प्रातः 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। प्रत्येक मतदाता को मताधिकार के उपयोग के लिए लगातार प्रेरित किया जा रहा है। स्वीप गतिविधियों के माध्यम से मतदाता जागरूकता अभियान में कई नवाचारों से मतदाताओं को प्रेरित किया जा रहा है। मतदाता जागरूकता अभियान के तहत “चलें बूथ की ओर अभियान” में महिला एवं बाल विकास विभाग की सभी परियोजनाओं में आँगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं, समूह की महिलाओं एवं बूथ अवेयरनेस ग्रुप द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं को पीले चावल देकर 13 मई 2024 को मतदान के लिए आमंत्रित किया जा रहा है।
लोकसभा निर्वाचन 2024 में मतदाता मतदान करने के लिए प्राप्त पर्ची के साथ ईपिक कार्ड अथवा निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित 12 फोटोयुक्त पहचान पत्र में से किसी एक का उपयोग करके मतदान कर सकेंगे। केवल मतदाता पर्ची से मतदान की सुविधा नहीं मिलेगी। मतदाता पर्ची से मतदाता को सरल क्रमांक की जानकारी प्राप्त होगी। इनमें से कोई भी एक दस्तावेज़ होने पर आपको अपने मत का प्रयोग करने से कोई भी नहीं रोक सकता है, तो आओ हम सब मिलकर एक मजबूत लोकतंत्र को बनाने के लिए सभी मतदान करें।