खरगोन। लोकसभा चुनाव-2024 में मतदान के दिन ईवीएम के परिवहन में इस्तेमाल किये जाने वाले प्रत्येक वाहन पर निर्वाचन आयोग की नजर रहेगी। ऐसे प्रत्येक वाहन जीपीएस ट्रेकिंग सिस्टम से लैस रहेंगे। खरगोन जिले के 1548 मतदान दलों को ले जाने वाले 333 वाहनों एवं सेक्टर आफिसर के 174 वाहनों पर जीपीएस लगाया जा रहा है।
जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार मतदान के दिन 13 मई को ईव्हीएम के मूवमेंट पर नजर रखने मतदान सामग्री वितरण के बाद मतदान दलों को मतदान केंद्र तक पहुंचाने वाले प्रत्येक वाहन में जीपीएस रहेगा। इसी प्रकार मतदान के दिन सेक्टर अधिकारियों के वाहन पर भी जीपीएस रहेगा, ताकि उनके पास रिजर्व में रखी ईव्हीएम के मूवमेंट पर भी नजर रखी जा सके। जीपीएस ट्रेकिंग सिस्टम से मतदान के दिन ईवीएम लेकर रवाना होने वाले प्रत्येक वाहन के मूवमेंट की पल-पल की खबरें कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में बनाये गये कंट्रोल सेंटर में दर्ज होती रहेगी। निर्धारित मार्ग से यदि वाहन थोड़ा भी विचलित होता है, तो इसकी जानकारी तुरंत मिल सकेगी।
लोकसभा चुनाव-2024 में मतदान दलों को मतदान केन्द्र तक पहुंचाने एवं मतदान के उपरांत वापस लाने के लिए 333 बसों, 13 तुफान एवं 09 टाटा मैजिक वाहन की व्यवस्था की गई है और 36 बसें रिजर्व में रखी गई हैं। जिले में 13 मई को मतदान के दिन मतदान केन्द्रों पर सतत निगरानी रखने केलिए 174 सेक्टर आफिसर्स नियुक्त किये गये हैं। इन सेक्टर आफिसर्स के लिए 174 वाहन की व्यवस्था की गई है।