बुरहानपुर। लोकसभा चुनाव के लिए जिले में 13 मई को मतदान होगा। इसकी तैयारियां अंतिम चरण में है। परिवहन विभाग ने चुनाव के लिए 216 वाहन अधिग्रहित किए हैं। जिसमें 161 रूट की गाड़ियां हैं और 55 सेक्टर स्तर के वाहन हैं। स्कूली बसों का भी अधिग्रहण इसमें शामिल हैं।
परिवहन विभाग के सीएस बाथम के अनुसार सभी वाहनों पर आज जीपीएस सिस्टम लगवाया जा रहा है। रूट चार्ट चिपकाया जा रहा है। कल, रविवार को मतदान दल इन वाहनों में सामग्री लेकर मतदान केंद्र की ओर रवाना होंगे। सेक्टर की 55 गाड़ी हैं, जबकि 161 रूट की गाड़ियां हैं। बड़े वाहनों को डाइट कॉलेज में खड़ा कराया गया जबकि छोटे वाहनों का कलेक्टर कार्यालय परिसर में खड़ा कराकर जीपीएस सिस्टम लगाया गया।
मतदान केंद्रों पर भी तैयारी अंतिम दौर में
मतदान केंद्रों की तैयारी भी अंतिम दौर में हैं। हर मतदान केंद्र में गर्मी को देखते हुए टेंट, पीने के पानी की व्यवस्था, दिव्यांगजन के लिए रैंप की व्यवस्था की गई है। बहादरपुर में एक साथ छह मतदान केंद्र हैं। बहादरपुर ग्राम पंचायत के सहायक सचिव जफर कुरैशी ने बताया एक ही कैंपस में छह मतदान केंद्र क्रमांक 51, 53, 55, 56, 57 और 58 है। यहां टेंट, पानी, शौचालय, दिव्यांगों के लिए रैंप, व्हील चेयर की व्यवस्था की गई है।