झाबुआ। लोकसभा निर्वाचन 2024 के तहत संसदीय क्षेत्र 24 रतलाम में 13 मई 2024 को मतदान होना है। जिसके तहत मतदान दलों को पॉलिटेक्निकल कॉलेज झाबुआ से सामग्री वितरण 12 मई को सुबह 7 बजे किया जाना है। जिसकी तैयारियों का जायजा कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नेहा मीना द्वारा लिया गया।
सामग्री वितरण स्थल पर विधानसभावार अलग-अलग रंग के माध्यम से दर्शाया जाकर कलर कोडिंग के साथ वितरण स्थल के मार्गो व सेक्टरवार बैठक व्यवस्था सुनिश्चित किये जाना, मतदान कर्मियों के लिए पानी एवं मेडिकल सुविधाओं की उपलब्धता, लू बचाव किट एवं एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित किये जाने हेतु निर्देशित किया। मतदान दलो को बैठाकर सामग्री वितरण किया जाएगा जिसमें सेक्टरवार मतदान दल अपनी टेबलों पर बैठेंगे जहाँ सामग्री पहुंचायी जाएगी।
इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जितेन्द्र सिंह चौहान, अपर कलेक्टर एस.एस.मुजाल्दा, उप जिला निर्वाचन अधिकारी सत्यनारायण दर्रो, समस्त सहायक रिटर्निंग अधिकारी, एवं अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।