कटनी। जिला निर्वाचन अधिकारी अवि प्रसाद ने शनिवार को कृषि उपज मंडी में बनाए गए स्ट्रॉन्ग रूम का निरीक्षण कर वहां कि व्यवस्थाएं देखी। साथ ही उन्होंने एक सुरक्षा गार्ड से दो चक्र में लगी सुरक्षा व्यवस्थाओं और सीसीटीवी कैमरों से हो रही लगातार निगरानी के वीडियो फुटेज का जायजा लिया। इस दौरान कलेक्टर ने सुरक्षा बलों को मुस्तैद रहकर निगरानी करने के निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार संसदीय क्षेत्र शहडोल में आने वाली बड़वारा विधानसभा और संसदीय क्षेत्र खजुराहो में आने वाली विजयराघवगढ़, मुड़वारा, बहोरीबंद विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों में मतदान के बाद कृषि उपज मंडी पहरुआ में ईवीएम और वीवीपीएटी को विधानसभा वार बने स्ट्रॉन्ग रूम में रखा गया है।
आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार स्ट्रॉन्ग रूम की 24 घंटे निगरानी के लिए कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की शिफ्ट वार डयूटी लगाई गई है। इसके अलावा जिला निर्वाचन अधिकारी कलेक्टर अवि प्रसाद भी रोजाना स्ट्रॉन्ग रूम का निरीक्षण कर अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था चाक- चौबंद रखने के निर्देश दे रहे हैं।