नीमच। नीमच जिले में लोकसभा निर्वाचन की सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई है। जिले के सभी 743 मतदान दलों को मतदान सामग्री का वितरण आज 12 मई को शासकीय पीजी कॉलेज मनासा रोड नीमच पर नीमच, जावद एवं मनासा के लिए स्थापित अलग-अलग सामग्री वितरण केंद्रों से किया जावेगा। सभी मतदान दलों को सामग्री वितरण के बाद निर्धारित जीपीएस युक्त वाहनों से मतदान केंद्रों पर पहुंचाया जावेगा। मतदान 13 मई को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। जिले में 71 सेक्टर आफीसर, 71 सेक्टर पुलिस आफिसर मय चिकित्सा दलों के साथ एवं रिर्जव मतदान दल के साथ मतदान के दिन अपने-अपने सेक्टर के सभी मतदान केंद्रों का सतत भ्रमण कर, स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण, सुचारू मतदान व्यवस्था का जायजा लेंगे।
निर्वाचन कार्य में लगभग 8500 अधिकारी कर्मचारी एवं 2000 सुरक्षा जवान तैनात किए गए है। जिले के 445 मतदान केंद्रों पर बेवकास्टिंग की जा रही है। वेब कास्टिंग एवं वाहन की निगरानी के लिए वेबकास्टिंग कंट्रोल रूम एवं जिला स्तरीय जीपीएस निगरानी कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। जिले में 50 आदर्श मतदान केंद्र, महिलाओं व्दारा संचालित 25 मतदान केंद्र, दिव्यांगों व्दारा संचालित तीन मतदान केंद्र, स्थापित किए जा रहे है। जिले में 291 क्रिटीकल मतदान केंद्र है। यह जानकारी कलेक्टर दिनेश जैन ने लोकसभा निर्वाचन तैयारियों के संबंध में शनिवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष नीमच में आयोजित पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुए दी।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक अंकित कुमार जायसवाल, जिला पंचायत सीईओ गुरूप्रसाद, एडीएम लक्ष्मी गामड, उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव साहू, सहायक संचालक जनसंपर्क जगदीश मालवीय एवं मास्टर ट्रेनर डॉ राजेश पाटीदार उपस्थित थे।
बार्डर पोलिंग स्टेशन रूट संख्या, सेक्टर की संख्या, मतदाताओं की संख्या, श्रेणीवार मतदाताओं की संख्या, विभिन्न प्रकार के कंट्रोल रूम के नम्बर, शतप्रतिशत एप, संवेदनशील मतदान केंद्रों की संख्या, विशेष मतदान केंद्र, सामग्री वितरण एवं प्राप्ति की व्यवस्था, वाहनों की आवश्यकता, 48 घंटे की एसओपी, वेबकास्टिंग एवं जीपीएस व्यवस्था, मतदान केंद्र में प्रवेश के हकदार व्यक्ति, अभ्यर्थियों के बूथ की स्थापना, स्ट्रांग रूम की निगरानी आदि बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी।
एसपी अंकित जायसवाल ने पत्रकारों से चर्चा में बताया कि लोकसभा निर्वाचन 2024 के तहत अब तक 5 करोड 48 लाख रूपये से अधिक मूल्य की सामग्री जप्त की गई है। जिले में 88 जिला बदर की कार्यवाही की गई। 62 आर्म्स एक्ट के प्रकरण कायम किए गए है। 13 किलो चांदी जप्त की गई है। निर्वाचन स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव सम्पन्न कराने के लिए जिले में 2000 पुलिस अधिकारीएवं जवान तैनात किए जा रहे है। 71 सेक्टर पुलिस अधिकारी के अलावा झोनल पुलिस अधिकारी भी तैनात किए जा रहे है।
कलेक्टर दिनेश जैन एवं एसपी जायसवाल ने 13 मई को जिले के सभी मतदाताओं को अपने मतदान केंद्र पहुंचकर, अपने मताधिकार का उपयोग करने की अपील भी की गई है।