सीहोर। लोकसभा चुनाव में अधिक से अधिक मतदान के लिए कलेक्टर प्रवीण सिंह के निर्देश पर देवास संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आष्टा विधानसभा के सभी नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों के मतदान केन्द्रों में चलें बूथ की ओर अभियान 09 मई से लगातार चलाया जा रहा है। कलेक्टर प्रवीण सिंह ने आष्टा विधानसभा क्षेत्र में चलें बूथ की ओर अभियान के लिए सभी संबंधित अधिकारियों एवं अन्य संस्थाओं को निर्देश दिये हैं कि आष्टा विधानसभा क्षेत्र में मतदाता जागरूकता की गतिविधियां व्यापक स्तर पर आयोजित कि जाए और मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित किया जाये ताकि आगामी 13 मई को आष्टा क्षेत्र के मतदाताओं द्वारा सर्वाधिक मतदान किया जा सके।
विधानसभा क्षेत्र आष्टा में मतदाता जागरूकता गतिविधियों के तहत अनेक नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाता जागरूकता रैली, मानव श्रृंखला, रंगोली, मेंहदी, पोस्टर, बैनर, होडिग्स, कटआउट, पेंटिंग, दीवार लेखन, खेल, निबंध, वाद-विवाद के साथ ही घर-घर जाकर मतदाताओं को मतदाता पर्ची वितरित की जा रही है।
चलें बूथ की ओर अभियान के तहत ग्राम पंचायत बामुलिया खींची में आजीविका मिशन ग्राम संगठन की दीदियों द्वारा मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत रैली निकाल कर घर घर जाकर मतदान करने हेतु आमंत्रित किया गया और मतदाताओं को शपथ दिलाई गई की हम सब मतदान करेंगे और जिले को नंबर वन बनाएंगे।