मंदसौर। जिले के दलौदा थाना क्षेत्र के फोरलेन हाईवे भावगढ़ पंडित के पास शनिवार रात एक कार गैरेज में अचानक से आग लग गई। आसपास के रहवासियों ने पुलिस को सूचना दी। करीब डेढ़ घंटे बाद पहुंची नगरी नगर परिषद की दमकल से आग पर काबू पाया गया लेकिन तब तक गैरेज में खड़ी तीन कारें जलकर राख हो गई।
जानकारी के अनुसार शनिवार की रात 10.30 बजे के करीब भावगढ़ फंटा, महू नीमच फोरलेन हाईवे से स्थित मातेश्वरी कार केयर के गैरेज में भीषण आग लग गई। इसकी सूचना स्थानीय लोगो ने पुलिस को दी। आग इतनी भीषण थी कोई कुछ कर नहीं पाया। डेढ़ घंटे बाद नगरी नगर परिषद का एक दमकल वाहन पहुंचा। तब तक गैरेज में खड़ी तीन कारें और गैरेज में रखा सामान जलकर राख हो गया। किसी तरह दमकल कर्मियों ने सुलग रही कारों पर पानी डालकर आग बुझाई। प्राथमिक तौर पर आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। इस आग में कितना नुकसान हुआ इसका आकलन किया जा रहा है ।
नगर में दमकल नहीं इसलिए ज्यादा होता नुकसान
दलौदा ग्राम पंचायत जिले की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत है । हाईवे से लगा यह कस्बा बड़ा व्यपारिक केंद्र है ,बड़ी कृषि मंडी से जुड़ा है। नगर में आगजनी की कई घटनाएं हो चुकी है। हर बार नगरी या मंदसौर से दमकल वाहन बुलाना पड़ता है। सूचना के बाद दमकल को पहुंचने में करीब 1 घण्टे से ज्यादा का वक्त लगता है। जब तक दमकल पहुंचती है नुकसान का दायरा बढ़ जाता है।
पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया ने कृषि मंडी में स्थायी दमकल के लिए काफी प्रयास किए थे, लेकिन मंडी मोर्ड ने इसकी अनुमति नहीं दी। चुनाव में मिली शिकस्त के बाद यह मामला ठंडे बस्ते में चला गया।