बड़वानी। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश / अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बड़वानी आनन्द कुमार तिवारी के मार्गदर्शन में जिला मुख्यालय बडवानी एवं तहसील न्यायालय सेधवा, राजपुर, अंजड, खेतिया में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया ।
उक्त नेशनल लोक अदालत में न्यायालयीन लंबित कुल 2578 प्रकरण रखे गये थे । जिसमें से 343 प्रकरण का निराकरण हुआ तथा अवार्ड पारित किया गया । जिसकी राशि 5 करोड़ 69 लाख 89 हजार 920 रूपये तथा प्रीलीटिगेशन के कुल 6458 प्रकरण रखे गये थे, जिसमें से 478 प्रकरणों का निराकरण हुआ तथा वसुल की गई कुल राशि 40 लाख 54 हजार 206 रूपये जिसके निराकरण हेतु जिला बडवानी में कुल 17 खण्डपीठों का गठन किया गया था। इसके पूर्व नेशनल लोक अदालत का शुभारम्भ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश /अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बडवानी आनन्द कुमार तिवारी, उप पुलिस अधीक्षक बडवानी अनिल पाटीदार एवं अध्यक्ष अधिवक्ता संघ बडवानी पुरुषोत्तम मुकाती द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर लोक अदालत का शुभारम्भ किया गया।
इस अवसर पर विशेष न्यायाधीश एवं लोक अदालत प्रभारी अधिकारी रईस खान, जिला न्यायाधीश संध्या श्रीवास्तव, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सीता कन्नोजे, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी विनय जैन, पूजा विजयवर्गीय जैन, सौम्या चौधरी, चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम बडवानी हेमेन्द्र कुमरावत, प्रशासनिक अधिकारी एचपी पाण्डे, अधीक्षक यंत्री कनखरे, लीड बैंक अधिकारी संदीप अग्रवाल, वालेंटियर्स उपस्थित थे। अधिवक्तागण, न्यायालयीन अधिकारी/कर्मचारीगण, लीगल एड डिफेंस काउंसिल के सदस्यगण, पैरालीगल कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सहायता अधिकारी दिलीप सिंह मुझान्दा के द्वारा किया गया तथा आभार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बडवानी के सचिव, मानवेन्द्र पवार के द्वारा व्यक्त किया गया।