बुरहानपुर। आगे-आगे गाजा बाजा और पीछे बस....। यह किसी बारात का दृश्य नहीं, बल्कि 13 मई को होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए मतदान के लिए पहुंचे मतदान दलों का स्वागत है। जिले में यह नवाचार पहली बार हो रहा है जब मतदानकर्मियों के पहुंचते ही उनके स्वागत की भव्य तैयारी हुई।
कहीं मिठाई खिलाई गई तो कहीं मतदान दल के पहुंचते ही माला पहनाई गई तिलक लगाया गया। कहीं आगे आगे गाजा बाजा बजाते हुए दो चार लोग चले तो पीछे मतदान कर्मी ईवीएम और अन्य सामग्री लेकर केंद्र के अंदर जाते नजर आए।
यहां हुआ गाजे बाजे के साथ स्वागत
बोदरली में जब गांव के अंदर मतदानकर्मियों की बस ने प्रवेश किया तो तीन चार लोग बाजे बजाने लगे। यह देख अन्य लोग भी आकर्षित हुए। यहां माला पहनाकर मतदानकर्मियों का स्वागत किया। वहीं बहादरपुर पहुंचे मतदानकर्मियों को मिठाई खिलाकर तिलक लगाकर नई उर्जा के साथ उनका स्वागत किया गया। इसी तरह जैनाबाद में भी मतदानकर्मियों का गाजे, बाजे से स्वागत किया गया।
केंद्र पर पहुंचते ही तैयारियों में जुट गए कर्मचारी
मतदान केंद्रों पर पहुंचते ही मतदान कर्मी कल की तैयारियों में जुट गए हैं। इस बार गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने अधिकांश मतदान केंद्रों पर पंखे के अलावा कूलर की भी व्यवस्था की है। मतदान केंद्रों को काफी सजाया गया है।