मंदसौर। जिला मुख्यालय पर चुनाव सामग्री जमा कर वापस लौट रहे मतदानकर्मियों की बस एक खड़े ट्रक से जा टकराई इसमें करीब 9 लोग घायल हो गए। वहीं होम गार्ड जवान की मौत हो गई। हादसा सुबह करीब 7 बजे हुआ। प्रदेश के डिप्टी सीएम और मल्हारगढ़ विधानसभा से विधायक जगदीश देवड़ा ने दुर्घटना को लेकर शोक संवेदना व्यक्त की हैं।
जिले में कल चुनाव होने के बाद देर रात तक मतदान सामग्री जमा करवाने के लिए पोलिंग पार्टी मंदसौर पहुंचती रही। ऐसे में मतदान सामग्री जमा करवाने के बाद आज मंगलवार सुबह निर्वाचन में लगे करीब 10 कर्मचारी जब निजी यात्री बस से घर लौट रहे थे, इसी दौरान ये हादसा हो गया। बस सुवासरा-मंदसौर रोड बसई के पास सड़क पर खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई।
टीआई कमलेश प्रजापति ने बताया कि हादसे में होमगार्ड जवान की मौत हुई है। वहीं घायलों को पहले सीतामऊ प्राथमिक केंद्र भेजा गया जहां से तीन घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बता दें जवान मनोहर सिंह राजस्थान के राजसमंद जिले खिमखेड़ा का निवासी था।
वहीं कलेक्टर दिलीप कुमार यादव एवं पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने जिला अस्पताल मंदसौर पहुंचकर बस दुर्घटना में घायल चुनावी कर्मचारियों के हाल-चाल पूछे तथा सिविल सर्जन एवं सीएमएचओ को निर्देश दिए की सभी कर्मचारियों का बेहतर तरीके से इलाज किया जाए।
ये हुए घायल- राजेश पिता मोहनलाल, रामगोपाल पिता कन्हैया लाल राठौर, अनिल पिता राधेश्याम तिवारी, श्रवण पिता नरेंद्र कुमार जैन, कैलाश पिता गोवर्धन लाल गुर्जर, राजेंद्र पिता देवीप्रसाद श्रीवास्तव, दीप्ति पति राजेंद्र श्रीवास्तव, गोपाल पिता मंगस निवासी बावड़ी खेड़ा चंदवासा, तेजमल पिता चिरंजीवी लाल मेघवाल निवासी भवानीमंडी।