नीमच। शहर के कैंट थाने के बाहर मंगलवार को समीपस्थ गांव भरभड़िया के एक परिवार के साथ ग्रामीणों ने गेट पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया और थाने का घेराव किया। आक्रोशित ग्रामीणों ने जमकर नारेबाजी भी की। मामला गांव की एक युवती के लापता होने का हैं।
जानकारी अनुसार करीब 6 दिन पूर्व गांव भरभड़िया से एक युवती अचानक कही लापता हो गई थी। जिसके बारे में परिजनों ने केंट थाने पर शिकायत दर्ज कराई थी। मगर काफी दिन बीत जाने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर आक्रोशित परिजन कैंट पर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। परिजनों की मांग है कि मामले में शामिल सभी लोगों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।
परिजनों का आरोप हैं कि इस पूरी घटना को अंजाम देने में दीपेश पाटीदार निवासी गांव जावी और वीरेंद्र पाटीदार निवासी मालखेड़ा शामिल हैं। वीरेंद्र पाटीदार ने षडयंत्र पूर्वक अनुराधा पाटीदार को बहला फुसलाकर दीपेश पाटीदार के साथ भगाया और शादी करवाई। जबकि दीपेश पाटीदार नाबालिक हैं। लेकिन वीरेंद्र पाटीदार ने मिलीभगत से दीपेश के आधार कार्ड में जन्म तारीख परिवर्तन करवा दी। पीड़ित परिवार की मांग हैं कि इस षडयंत्र में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। लापता बेटी का पता लगाकर उनके सुपुर्द किया जाए। परिजनों का कहना है कि आरोपियों के द्वारा उनकी बेटी को बहला फुसला का डरा धमका कर ले जाया गया है।
थाने के घेराव की सूचना के बाद थाना प्रभारी सौरव शर्मा ने परिजनों को समझाईश देते हुए जल्द सख्त कार्यवाही का भरोसा दिया। जिस पर परिजनों सहमति जताते हुए विरोध प्रदर्शन को खत्म किया।