झालावाड़। जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने गुरूवार को तहसील कार्यालय सुनेल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तहसील कार्यालय स्थित रिकॉर्ड रूम में रिकॉर्ड की जानकारी लेते हुए सुनेल तहसील का नक्शा मुख्य द्वार के पास दीवार पर बनवाने के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने तहसीलदार अजहर बेग को सुनेल तहसील में भूमि रूपान्तरण, सीमा ज्ञान एवं गैर खातेदारी से खातेदारी के लम्बित चल रहे प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने तहसील के रिकॉर्ड की बिडिंग करवाने तथा मासिक सारांश प्रति माह मुख्यालय पर भिजवाने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने भू-राजस्व वसूली लक्ष्यानुसार पूर्ण करने, धारा-91 के अतिक्रमियों के विरूद्व ठोस कार्यवाही करने, राजस्थान सम्पर्क पोर्टल के प्रकरणों एवं जन सुनवाई के प्रार्थना पत्रों का निस्तारण करवाने सहित निरीक्षण प्रतिवेदन की पालना रिपोर्ट एक माह की अवधि में भिजवाए जाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने मिटिंग हॉल, लेण्ड रिकॉर्ड रूम आदि कक्षों का भी निरीक्षण किया।
जिला कलेक्टर ने तहसील कार्यालय के निरीक्षण के दौरान तहसील परिसर में पक्षियों के लिये परिण्डे भी बांधे। इस दौरान नायब तहसीलदार गिरिराज सिंह, ऑफिस कानूनगो रामप्रसाद नागर, रीडर राजेन्द्र सिंह चन्द्रावत उपस्थित रहे।