मंदसौर। यशोधर्मन थाना क्षेत्र के माल्याखेड़ी गांव में तेज आवाज में गाने बजाने से रोकने पर एक 60 वर्षीय बुजुर्ग पर हमला कर दिया गया। आरोप है कि गांव के ही एक युवक ने पहले ट्रैक्टर से टक्कर मारने का प्रयास किया, फिर लाठी से सिर पर कई वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल के सिर में 20 से अधिक टांके लगाए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, भेरूलाल पिता फकीरचंद (60) गुरुवार रात करीब 11 बजे अपने घर पर टीवी देख रहे थे। इसी दौरान गांव का महेश पिता जगदीश मीणा ट्रैक्टर लेकर उनके घर के सामने पहुंचा और तेज आवाज में गाने बजाने लगा। भेरूलाल द्वारा आवाज कम करने के लिए कहने पर दोनों के बीच विवाद हो गया।
परिजनों का आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपी ने पहले ट्रैक्टर से भेरूलाल को टक्कर मारने की कोशिश की। जब वे बच गए तो आरोपी ने लाठी से उनके सिर पर लगातार कई वार किए। शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया।
गंभीर रूप से घायल भेरूलाल को परिजन निजी वाहन से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उनके सिर में 20 से अधिक टांके लगाए और उन्हें माही इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया। उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना की सूचना पर यशोधर्मन थाना पुलिस जिला अस्पताल पहुंची। एएसआई गोपाल परिहार ने पीड़ित एवं परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।