नीमच। डॉ भीमराव अंबेडकर ने दलितों, पिछड़ों और महिलाओं को शिक्षित करने के लिए जो संघर्ष किया, वह निश्चित रूप से समाज के लिए प्रेरणादाई है। नीमच के यादव समाज के स्वतंत्रता सेनानियों ने देश के आजादी की लड़ाई में अग्रणी भूमिका निभाई। यादव समाज द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह समाज के छात्रों को शिक्षा के क्षेत्र में सफलता अर्जित कर नई इबारत लिखने के लिए प्रेरित करेगा। यह बात नीमच के विधायक दिलीप सिंह परिहार ने नीमच सिटी स्थित डॉ भीमराव अंबेडकर मांगलिक भवन में यादव समाज द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में कही।
इस अवसर पर कक्षा 5वीं, 8वीं, 10वीं, 12वीं, स्नातक और स्नातकोत्तर की परीक्षाओं में 60 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले यादव समाज के छात्र-छात्राओं को मंचासीन अतिथियों द्वारा सम्मानित व पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में शासकीय सेवा से निवृत हुए समाज के वरिष्ठ नागरिकों का भी अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम को समाज के पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर संतोष चौपड़ा, महेंद्र भटनागर, हेमंत हरित, रमेश कदम, रवि गोयल, यशवंत गोयल, घनश्याम अंब, भारत यादव आदि उपस्थित रहे। संचालन दारा सिंह यादव द्वारा किया गया।