चित्तौड़गढ़। रावतभाटा से छुट्टियां मनाकर वापस अपने घर लौट रहा परिवार सड़क हादसे का शिकार हो गया। चित्तौड़गढ़-कोटा हाईवे पर नगरी के पास यह हादसा हुआ है। इसमें एक महिला और तीन बच्चों सहित पांच जने घायल हो गए। जबकि दो जनों की मौत हो गई। पूरा परिवार एक वेन में जा रहा था। जबकि एक ट्रक होटल के पास खड़ा था। तेज रफ्तार से आती वेन अनबैलेंस होकर ट्रक में जा घुसी। मौके पर मौजूद राहगीरों ने घायलों की मदद की और पुलिस को सूचना दी। मौके पर बस्सी थाना पुलिस पहुंची।
रावतभाटा से घर लौट रहा था परिवार-
ओमनी वैन में सवार होकर परिवार के साथ सदस्य रावतभाटा से वापस अपने घर किशन करेरी, डूंगला जा रहे थे। इस दौरान चित्तौड़गढ़-कोटा हाईवे पर नगरी के पास एक वेन होटल के बाहर खड़े ट्रक में जा घुसी। इसमें तीन पुरुष, एक महिला और तीन बच्चे सवार थे। इनमें से दो जनों सुरेश गर्ग और मांगीलाल गर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अन्य पांच चेतन गर्ग (20), चंचल गर्ग (10), प्रीति गर्ग (5), रौनक गर्ग (4), बसंती गर्ग (65) जने घायल हो गए। घटना के समय भाटिया कंपनी में काम करने वाले दो कर्मचारी आंवलहेड़ा निवासी प्रकाश गिरी गोस्वामी और कमलेश कुमावत जॉब पर जा रहे थे। उनके साथ उनकी पूरी टीम थी। प्रकाश गिरी ने बताया कि हम वहां से चित्तौड़गढ़ आ रहे थे। रास्ते में देखा तो काफी भीड़ थी। लोग वेन को खींच रहे थे। हम सब भी रुके और सवारी की मदद की। दोनों ने एंबुलेंस और पुलिस दोनों को सूचना की। जिनकी मौके पर ही मौत हो गई थी, उनके शव को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। जबकि अन्य पांच घायलों को दोनों राहगीरों ने अपनी गाड़ी में लेकर अस्पताल पहुंचे। जहां तुरंत डॉक्टर ने घायलों का इलाज शुरू किया।
अनबैलेंस होकर ट्रक में जा घुसी थी वैन-
बस्सी थानाधिकारी ने बताया कि सूचना मिलते ही थाने से जाब्ता को भेजा गया। प्रारंभिक जानकारी में आया कि वैन काफी तेज रफ्तार से आ रही थी। जो अनबैलेंस होकर ट्रक के पीछे जा घुसी। ट्रक ड्राइवर होटल पर नाश्ते पानी के लिए रुका था और ट्रक को भी होटल के बाहर साइड में पार्क कर रखा था।बालिका चंचल ने बताया कि गर्मियों की छुट्टी पर सभी हैवी वाटर कॉलोनी रावतभाटा में रहने वाली बुआ के पास घूमने गए थे। वहां से वापस अपने घर किशन करेरी, डूंगला लौट रहे थे। सभी एक ही परिवार के सदस्य है।