नीमच। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा 3 जुलाई को लखदातार ट्रेडिंग कंपनी पर छापा मारा था। इस कार्रवाई में बड़ी मात्रा में अजवाइन और धनिया जब्त किया गया था। आज बुधवार को इस कार्रवाई के विरोध में व्यापारियों ने अजवाइन मंडी बंद कर दी। मंडी व्यापारियों ने अजवाइन मंडी बंद रख एक आवेदन व्यापारी संघ और मंडी प्रशासन को सौंपा।
अजवाइन मंडी बंद होने के कारण आज (बुधवार) मंडी में अजवाइन की नीलामी नहीं हुई। मामले पर गतिरोध खत्म करने के लिए एसडीएम ममता खेड़े ने अजवाइन व्यापारियों की एक बैठक अपने कार्यालय में ली थी। लेकिन व्यापारियों की मंडी प्रारंभ करने को लेकर कोई निर्णय नहीं निकला।
गौरतलब है कि 3 जुलाई सुबह बघाना थाने में पदस्थ पुलिसकर्मी थाने के सामने अरनिया कुमार स्थित फर्म लखदातार ट्रेडिंग कंपनी के गोदाम पर पहुंचे। बताया गया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी यशवंत कुमार शर्मा को थाने से सूचना मिली थी कि थाने के सामने स्थित गोदाम पर कृषि जिंसों पर फुमिगेशन के नाम पर केमिकल व कलर चढ़ाया जा रहा है। मौके पर निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी को ना तो कलर मिला और ना ही केमिकल, लेकिन केमिकल और कलर चढ़ाने की आशंका के मद्देनजर अजवाइन और धनिये के सैंपल लिए गए। इसके बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने गोदाम में रखे करीब 2398 किलो अजवाइन और 1398 किलो धनिया जब्त कर उसे सीज कर दिया। इस कार्रवाई को लेकर व्यापारियों में नाराजगी है। व्यापारियों का कहना है कि इस तरह की फर्जी कार्रवाई से आहत हैं। ऐसा नहीं होना चाहिए। इसका कोई ठोस समाधान निकालना चाहिए।