मऊगंज। जिले में विद्युत व्यवस्था संबंधी आए दिन शिकायतें प्राप्त हो रही थी। किसानी का सीजन चल रहा बिजली में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो, इन तमाम विषयों को लेकर मऊगंज कलेक्टर सभागार में बैठक का आयोजन किया गया।
बता दें कि आए दिन अघोषित बिजली कटौती, जले ट्रांसफॉर्मर बदलने, लूज केबलिंग को लेकर विद्युत व्यवस्था बाधित रहती है। जिसको लेकर मऊगंज विधायक प्रदीप पटेल कलेक्टर अजय श्रीवास्तव और बिजली कंपनी के जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित की गई।
जिसमें प्रमुख रूप से जले ट्रांसफार्मर बदलने बिलों में सुधार केवलीकरण और नियमित बिजली व्यवस्था सप्लाई देने सहित अनेक मुद्दों पर बृहद चर्चा हुई। विधायक मऊगंज प्रदीप पटेल ने कहा कि बिजली की व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से सुधार करते हुए बिना बाधा के विद्युत सप्लाई बहाल की जाए। किसानी का सीजन है, धान रोपाई चल रही है और बरसात के मौसम में बिजली अति आवश्यक है।
वहीं कलेक्टर अजय श्रीवास्तव ने उपस्थित बिजली कंपनी के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि विभिन्न योजनाओं के तहत मेंटेनेंस का कार्य ट्रांसफॉर्मर बदलने, केवल सुधार व विद्युत बिल में भी सुधार संबंधी प्रयास में तेजी लाएं। प्रयास यह करें कि अधिक से अधिक समय तक किसानों सहित आम नागरिकों को बिजली व्यवस्था बनी रहे यदि किसी प्रकार की बिजली संबंधी बाधा उत्पन्न होती है, तत्काल उसे निराकरण करने का प्रयास करें।