भोपाल। मध्य प्रदेश शासकीय वाहन चालक यांत्रिक कर्मचारी संघ भोपाल नगर निगम शाखा की बैठक में कचरा वाहनों को जरूरत से कम डीजल देने, ड्राइवर और सफाई कर्मचारियों के साथ अधिकारियों द्वारा बदसलूकी करने का मामला उठा। संघ के प्रदेश अध्यक्ष साबिर खान ने नगर निगम शाखा के अध्यक्ष इरफान अल्ताफ को कचरा वाहनों के ड्राइवर और सफाई कर्मियों के साथ बैठक कर हड़ताल की रणनीति तैयार करने को कहा है।
नगर निगम कार्यालय में शनिवार को हुई बैठक में ड्राइवरों ने बताया कि कचरा वाहनों को 20 लीटर की जगह 15 लीटर डीजल दिया जाता है और उनसे उनके क्षेत्र का पूरा कचरा उठाने की उम्मीद भी की जाती है। जबकि इतने डीजल में तीन राउंड नहीं लगाए जा सकते हैं। ड्राइवरों ने यह मुद्दा भी उठाया कि उन्हें ड्राइवर कम हेल्पर बना दिया है। उनके क्षेत्र का कचरा उठाने की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं को सौंप दी गई है। यदि कचरा छूटा तो ड्राइवर डिफाल्टर होगा, उसकी गाड़ी बैन कर दी जाएगी।
बैठक में अधिकारियों को लेकर चर्चा हुई तो ड्राइवरों ने बताया कि जोन 9 के सहायक स्वास्थ्य अधिकारी बलवीर मलिक, जोन 6 के सहायक स्वास्थ्य अधिकारी अरविंद चौधरी प्रताड़ित करते हैं। वे नौकरी से भगाने की धमकी देते हैं और अशब्दों का प्रयोग करते हैं। बैठक में नगर निगम अध्यक्ष इरफान अल्ताफ एवं सफाई मित्रों के अध्यक्ष अरविंद वैद ने इन मुद्दों के साथ नगर निगम वाहन चालकों एवं यांत्रिक कर्मचारियों और सफाई कर्मचारी की वर्षों से लंबित मांगों की ओर भी ध्यान आकृष्ट किया।
नगर निगम शाखा के नेताओं की बात सुनने के बाद संघ के प्रदेश अध्यक्ष साबिर खान ने कहा कि नगर निगम के सभी विभागों के वाहन चालक, यांत्रिक कर्मचारी और सफाई कर्मचारियों की बैठक बुलाकर हड़ताल की रूपरेखा तय करें। सभी जोन में बैठकें शुरू कर दें। हम वरिष्ठ अधिकारियों से मिलेंगे और अपनी बात रखेंगे। फिर भी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो हड़ताल की जाएगी।