भोपाल। हुजूर विधानसभा में बारिश की वजह से चिता पर अस्थाई टीनशेड डालकर अंतिम संस्कार करना पड़ा। मामला ग्राम पंचायत चौपड़ा कला का है। यहां श्मशान घाट नहीं है।
इसका वीडियो सामने आया है। शुक्रवार को काफी इंतजार करने के बाद जब बारिश नहीं थमी, तो मृतक ट्रैवल्स ऑपरेटर के परिजन और गांव के लोगों ने चिता के चारों ओर बल्लियां गाड़ीं, इसके ऊपर टीन रखकर चिता को अग्नि दी। इतने इंतजाम के बाद भी चिता की लकड़ियों को भीगने से नहीं रोका जा सका। लोग मुश्किल से अंतिम संस्कार की रस्में निभाकर घरों को लौटे।
राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने यही वीडियो शनिवार सुबह अपने एक्स अकाउंट पर शेयर कर सरकारी सिस्टम को घेरा है। हालांकि, उन्होंने पहले वाली पोस्ट डिलीट की, थोड़ी देर बाद फिर इसे पोस्ट किया। इसकी वजह बताते हुए दिग्विजय सिंह के स्टाफ ने कहा कि दो पोस्ट हो गई थीं, एक पोस्ट डिलीट की।
डबल इंजन सरकार का नमूना...
दिग्विजय सिंह ने अपनी पोस्ट में लिखा, श्भाजपा की डबल इंजन सरकार का नमूना। कथित विकास की जमीनी हकीकत देखिए, राजधानी भोपाल से सटी ग्राम पंचायत चौपड़ा कला में श्मशान घाट नहीं है। ग्रामीणों को बरसते पानी में जुगाड़ कर शव दाह करना पड़ता है।श्
ट्रैवल्स संचालक की हुई थी मौत
ग्राम पंचायत चौपड़ा कला के सूखी सेवनिया स्टेशन गांव के रहने वाले 29 वर्षीय दीपक लोधी की तबियत बिगड़ गई थी। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन बचाया नहीं जा सका। दीपक के भाई विजय लोधी ने बताया कि हमारे गांव में करीब 200 लोगों की आबादी है। गांव में श्मशान घाट नहीं होने से परेशानी होती है। मेरे भाई के अंतिम संस्कार के लिए हम लोगों को खुद टीन शेड डालकर अंतिम संस्कार करना पड़ा। दीपक ट्रैवल्स संचालक थे।
दिग्विजय ने फंड देने की बात कही
चौपड़ा कला ग्राम पंचायत हुजूर विधानसभा क्षेत्र में आती है। वीडियो सामने आने के बाद पूर्व सीएम दिग्विजय ने ट्वीट किया। दिग्विजय सिंह ने अपनी सांसद निधि से गांव में श्मशान घाट के लिए फंड देने की बात भी कही है।