जीरन। नगर परिषद जीरन के सफाई दरोगा कैलाश भट्ट द्वारा सफाई का काम बताए जाने पर महिला सफाई कर्मचारी द्वारा सफाई दरोगा के साथ मारपीट करने और सोची समझी साजिश के तहत मारपीट का वीडियो बनाकर सफाई दरोगा की छवि को धूमिल करने के मामले में नगर परिषद के कार्यालयीन कर्मचारियों ने सीएमओ को पुलिस के माध्यम से कठोर कार्यवाही की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा है।
घटनाक्रम के संबंध में सफाई दरोगा कैलाश भट्ट द्वारा बताया गया कि नगर में सफाई को लेकर मिल रही शिकायतों के संबंध में प्रतिदिन की तरह निर्देशित किया जा रहा था तभी अचानक सोची समझी साजिश के तहत महिला सफाई कर्मचारी द्वारा मोबाइल रिकार्डिंग चालू करवा कर विवाद किया और जबरन मारपीट की इस पर स्वयं द्वारा मानवीयता का परिचय देते हुए प्रतिकार नही किया और मोके से हटना उचित समझा। मामले की सूचना सफाई दरोगा ने सीएमओ को दी वहीं कर्मचारियों को जब घटना की जानकारी हुई तो कर्मचारीयो ने सफाई दरोगा केलाश भट्ट के समर्थन में ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि महिला सफाई कर्मचारी द्वारा नगर परिषद के ही कर्मचारी के साथ कि गई मारपीट एवं वीडियो बनाकर वायरल करने की घटना अशोभनीय है, भविष्य में इस तरह की घटना से कर्मचारियों का मनोबल टूटेगा। इस तरह की घटना कभी भी किसी भी कर्मचारी के साथ घटित की जा सकती है। जिस पर अंकुश लगाना अनिवार्य है।
मामले में नगर परिषद कर्मचारियों के ज्ञापन पर संज्ञान लेते हुए सीएमओ ने परिषद के जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों के साथ जीरन थाना पहुंच कर महिला सफाई कर्मचारी के विरुद्ध कार्यवाही का आवेदन सौंपा। आवेदन के साथ यह भी जानकारी दी गई कि उक्त महिला सफाई कर्मचारी द्वारा पूर्व में भी सफाई की शिकायत किए जाने पर वार्ड पार्षद के साथ अभद्रता की थी जिस पर सीएमओ द्वारा कार्यवाही करते हुए अनुशासनात्मक कार्यवाही की गई थी। उक्त घटना में इसी महिला सफाई कर्मचारी द्वारा 28 नवम्बर को माफीनामा प्रस्तुत किये जाने पर पुनः कार्य पर रखा गया था। महिला सफाई कर्मचारी द्वारा लगातार जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों के साथ किये जा रहे अभद्रता पूर्ण व्यवहार से आतंकित नगर परिषद के कार्यालयीन कर्मचारियों ने उचित कार्यवाही न होने की दशा में कलमबंद हड़ताल की चेतावनी दी है।