नीमच। पवित्र श्रावण मास के चौथे सोमवार पर आज 12 अगस्त को नीमच के राजा श्री किलेश्वर महादेव लाव लश्कर के साथ भक्तों को आशीर्वाद देने के लिए शहर भ्रमण पर निकले। उज्जैन के महांकाल की तर्ज पर निकाली गई भगवान श्री किलेश्वर महादेव की शाही सवारी में फूलों से श्रृंगारित रथ पर भोलेनाथ विराजित रहे। शाही सवारी में झांकियां, कोटा के अखाडे, भस्म आरती सहित कई कलाकारों ने शिरकत कर अपनी-अपनी आकर्षक प्रस्तुतियां दी। आयोजक अरूल अशोक गंगानगर ने शाही सवारी की शुरूआत में भगवान श्री महादेव की महाआरती की। आज समूचा शहर शिव भक्ति में डूबा दिखाई दिया। शाही सवारी में भक्तों का सैलाब उमड़ा।
जन-जन की आस्था के केंद्र है किलेश्वर महादेव-
चमत्कारिक श्री किलेश्वर मंदिर अति प्राचीन होकर जन-जन की आस्था का केंद्र भी है। करीब 450 वर्ष पुराने श्री किलेश्वर मंदिर में विराजित चमत्कारिक शिवलिंग के दर्शन मात्र से ही भक्तों के कष्ट दूर हो जाते हैं। सावन माह के दौरान भोलेनाथ की पूजा अर्चना का अलग ही महत्व होता है। इस लिहाज से श्री किलेश्वर मंदिर में श्रावण मास में भगवान के दर्शन के लिए पहुंचने वाले भक्तों की संख्या में इजाफा देखा जाता है।
भक्तों को प्रतिवर्ष रहता है बेसब्री से इंतजार-
शहर सहित आसपास के भक्तों को शाही सवारी का प्रतिवर्ष बेसब्री से इंतजार रहता है। आज श्रावण मास के चौथे सोमवार को निकली शाही सवारी में साक्षात भोलेनाथ आकर्षक रथ में विराजित होकर प्रजा को आशीर्वाद देने निकले। शाम करीब 04 बजे श्री किलेश्वर महादेव मंदिर से शाही सवारी की शुरूआत हुई। प्रारंभ में समाजसेवी अरूल अशोक अरोरा ने महाआरती की। इसके बाद बाबा की शाही सवारी स्टेशन रोड सहित कई प्रमुख मार्गों से होती हुई ज्ञानमंदिर के समीप श्री अग्रसेन वाटिका पहुंची। यहां बाबा की महाआरती कर भक्तों को प्रसादी का वितरण किया गया।
इन प्रमुख मार्गों से निकली शाही सवारी-
अग्रसेन वाटिका से आकर्षक रूप लेती हुई शाही सवारी शुरू हुई जो तिलक मार्ग, घंटाघर, नया बाजार होते हुए बारादरी, फव्वारा चौक, कमल चौक, फोर जीरो चौराहा पहुंची। फोर जीरो चौराहा पर अविनाश ग्रुप द्वारा पुष्प वर्षा कर शाही सवारी का स्वागत किया। इसके बाद स्टेशन रोड होते हुए वापस शाही सवारी रात्रि में पुनः श्री किलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेगी। जहां पर शाही सवारी का विश्राम होगा।
कलाकारों ने दिखाए हैरत अंगेज करतब, झांकियों ने मोहा मन-
भगवान श्री किलेश्वर महादेव की शाही सवारी का बडे स्तर पर आयोजन करने की तैयारियां बीते एक माह से ही युवा समाजसेवी अरूल अशोक अरोरा गंगानगर द्वारा की जा रही थी। श्रावण मास के चौथे सोमवार पर निकली बाबा श्री किलेश्वर महादेव की शाही सवारी में कलाकारों ने हैरत अंगेज करतब दिखाएं। कोटा के अखाडे शाही सवारी में शामिल हुए। कलाकारों ने मलखम्ब का भी प्रदर्शन किया। अघोरी पार्टी ने शाही सवारी में मौजूद भक्तों को भक्तिमय कर दिया। झांकियों ने भी श्रद्धालुओं का मन मोहा।
शाही सवारी का स्थान-स्थान पर हुआ स्वागत-
शाही सवारी का नीमचवासियों ने पलक-पावडे़ बिछाडकर स्वागत किया। शाही सवारी के मार्ग में पग-पग पर शहर के विभिन्न सामाजिक संगठन, संस्था व विभिन्न दलों से जुडे हुए पदाधिकारियों ने बाबा भोलेनाथ व भक्तों का स्वागत किया। शाही सवारी वाले रूट पर कई जगहों पर स्वागत द्वार बनाए गए थे। शाही सवारी में शामिल भक्त भगवान भोलेनाथ के जयकारें लगाते हुए चह रहे थे।