नीमच। सिटी थाना क्षेत्र के बोरखेड़ी पानेरी गांव में शनिवार दोपहर जमीन विवाद में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर लाठी-डंडों से हमला किया। यहां हमलावर ने महिला को पहले जमीन पर पटका फिर डंडे से जमकर पीटा। हमले में पीड़ित पक्ष के दो से तीन लोग घायल हुए हैं। गांव बोरखेड़ी पानेरी के समरथ खारोल ने 4 साल पहले एक प्लाट मनासा नीमच रोड पर खरीदा था। मेलकी गांव का रहने वाला महेश गुर्जर उक्त प्लाट को अपना बता रहा है। महेश गुर्जर पीड़ित परिवार को लगातार धमका रहा है। इस संबंध में पीड़ित परिवार ने कुछ दिनों पहले भी थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी।

पीड़ित पक्ष पर लाठी डंडों से किया हमला-
शनिवार को पीड़ित परिवार प्लाट पर सफाई करने पहुंचा था। वे घास हटा ही रहे थे कि महेश गुर्जर अपने कुछ साथियों के साथ वहां आया गया। उसने पीड़ित पक्ष पर लाठी डंडों से हमला कर दिया। पीड़ित समरथ का आरोप है कि मारपीट के बाद आरोपियों ने उसकी दुकान में भी आग लगा दी।

आग लगने की सूचना पर दौड़ी फायर फाइटर-
विवाद की सूचना पर नीमच सिटी थाना पुलिस और आग लगने की सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। टीम ने पानी डालकर आग पर काबू पाया। आग से दुकान में रखे कपड़े सहित अन्य सामान जल गए। पीड़ित परिवार ने नीमच सिटी थाने पर शिकायत दर्ज कराई है।
