मनासा। शासन के निर्देशानुसार सोमवार को श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर सभी शासकीय एवं निजी स्कूलों में बच्चों की छुट्टी रद्द कर स्कूल में ही कृष्ण जन्मोत्सव मनाने के आदेश पर आज मनासा सहित ग्रामीण अंचलों के विद्यालयों में धूमधाम से कृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया।
वहीं आज गांव हांसपुर के संस्कार विद्या मंदिर स्कूल के बच्चों ने कुशवाह समाज की धर्मशाला में बड़ी धूमधाम से कृष्ण जन्मोत्सव मनाया। आयोजन की शुरुआत मुख्य अतिथि ग्राम सरपंच हरिशंकर धनगर, पूर्व सरपंच प्रतिनिधि जगदीश धनगर एवं नगर के वरिष्ठ गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में भगवान कृष्ण व माँ सरस्वती का पूजन कर सरस्वती वंदना के साथ की गई। उसके बाद बालक बालिकाओं द्वारा राधा कृष्ण गोपियों के संग रासलीला, कृष्ण भजनों पर नृत्य व सुदामा कृष्ण मिलन एवं मुख्य मटकी फोड़ प्रतियोगिता रखी गई, जिसमें विजेता बालक-बालिकाओं को स्कूल प्राचार्य रविप्रताप पांडेय द्वारा पुरस्कार दिए गए। बच्चों के इस आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे व तालियों से बच्चों का उत्साह वर्धन किया। आयोजन के दौरान स्कूल प्राचार्य, शिक्षक शिक्षिकाएं व बालक बालिकाए एवं ग्रामीणजन मौजूद रहे।