चित्तौड़गढ़। “जीवन में खेल एक ऐसी धुरी है, जो बालकों को संस्कारवान एवं प्रबल राष्ट्रभक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।” यह विचार विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने जिला स्तरीय जूनियर ओपन कबड्डी प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित खिलाड़ियों, आयोजकों एवं बड़ी संख्या में मौजूद खेलप्रेमियों को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।
विधायक आक्या ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खिलाड़ी अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन करें। खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में धन एवं संसाधनों की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने प्रतियोगिता को प्रतिवर्ष आयोजित करवाने की घोषणा भी की। उद्घाटन समारोह में अनिल ईनाणी एवं एडवोकेट ओमप्रकाश शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
जिला कबड्डी संघ के सचिव गुलजार ने बताया कि प्रतियोगिता में चयनित टीम 19 से 22 अगस्त तक बीकानेर में आयोजित राज्य स्तरीय जूनियर बालक एवं बालिका कबड्डी प्रतियोगिता में भाग लेगी। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम का संचालन सूर्यप्रकाश गर्ग ने किया।
इस अवसर पर कुलदीप सिंह चौधरी, नानालाल जाट, शांतिलाल खटीक, रमेशचंद्र खटीक, नारूलाल कीर, हरलाल जाट, रामेश्वरलाल जाट, मदनलाल खटीक, विजय सिंह झाला सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, आयोजक एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे।