चित्तौड़गढ़। श्री कल्लाजी वेदपीठ एवं शोध संस्थान पर सोमवार को कृष्ण जन्माष्टमी मनाई गई। जन्माष्टमी के अवसर पर ठाकुर जी को कृष्ण स्वरूप में मनमोहक श्रृंगार किया गया। साथ मंदिर परिसर पर सतरंगी फूलों से साज सज्जा की गई। वहीं ठाकुर जी के मंदिर पर नदी के रूप में झांकी तैयार की गई। जिसमें कमलों से सजी नदी में नैया पर लड्डू गोपाल बिराजे हुए थे। साथ ही सागवान से बने झूले पर बिराजे लड्डू गोपाल को पूरे दिन भक्तों ने दुलार करते हुए झूला झुलाया। रात्रि 12 बजे ठाकुर जी को भोग धरा कर महाआरती की गई। वहीं श्री कल्लाजी मंदिर की ओर से मंगलवार को गोगा नवमी पर चौहान सरकार का जन्मदिन मनाया गया। कार्यक्रम में कल्याण भक्तों ने कल्याण गौशाला में गायों को चारा और लापसी का भोग लगाकर गौ रक्षा का प्रण लिया। महिलाओं द्वारा दिनभर मंदिर पर भजन कीर्तन किए गए। वहीं रात्रि में कल्याण भक्तों द्वारा संगीतमय सुंदरकांड का आयोजन किया गया। सुंदरकांड पाठ के पश्चात भोग लगाकर आरती की गई।