सिंगोली। मध्यप्रदेश के उत्तर पश्चिमी छोर पर राजस्थान के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल तिलस्वां महादेव में ट्रस्ट विवाद ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। बुधवार को समाज विशेष के खिलाफ लामबंद हुए सर्व हिंदू समाज के सैकड़ों लोगों ने भीलवाड़ा स्थित कलेक्टर कार्यालय पर ट्रस्टियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
दर असल सर्व हिंदू समाज के लोग इस बात को लेकर नाराज है कि मंदिर ट्रस्ट के पदों पर सालों से एक ही समाज के लोग काबिज है, जो अपनी मनमर्जी से ट्रस्ट का संचालन करते है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया की मंदिर ट्रस्ट पर बीते 26 सालों से एक ही समाज के लोगों का कब्जा है। वे न तो अन्य समाज के लोगों को प्रतिनिधित्व देते है, और नहीं मंदिर का हिसाब किताब सार्वजनिक करते है।
इस मामले में विगत 5 मार्च 2024 को भी बड़ा विवाद हुआ था। उस समय ट्रस्ट पर मंदिर के हिसाब में आर्थिक अनियमितता और रिकार्ड में हेराफेरी करने का आरोप लगा था। हालांकि उस समय नई समिति बनाने, आय व्यय और निर्माण संबंधी जानकारी सार्वजनिक करने और अन्य समाज के लोगों को प्रतिनिधित देने पर विवाद थम गया था। लेकिन 5 माह बाद एक बार फिर सर्व हिंदू समाज का गुस्सा फूट पड़ा, और बड़ी संख्या में लोग बसों में सवार होकर भीलवाड़ा पहुंच गए तथा अपनी मांगों को पूरा करवाने के लिए कलेक्टर कार्यालय पर प्रदर्शन किया।