नीमच। शहर की कृषि उपज मंडी व उप मंडी जीरन में आज सोयाबीन लेकर पहुंचे किसानों की बल्ले-बल्ले हो गई। आज शुक्रवार को उपज मंडी में सोयाबीन का भाव 5 हजार के पार हो गया। दामों में आए उछाल से किसानों में हर्ष है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कृषि उपज मंडी समिति नीमच में कृषक रामकिशन ग्राम निलिया, तह. जावद जिला नीमच की कृषि उपज सोयाबीन 5011/- प्रति क्विंटल की दर से विक्रय हुई एवं उपमंडी जीरन में कृषक संदीप की सोयाबीन 5000/- प्रति क्विंटल की दर से विक्रय हुई जो कि अब तक विगत 15 दिवसों में विक्रय हुई सोयाबीन का सर्वाधिक मूल्य है, जिससे किसानों में काफी हर्ष एवं प्रसन्नता देखी गई।
मंडी समिति नीमच द्वारा निरंतर कृषकों के हित में कार्य किये जा रहे हैं तथा अनेकों सुविधाए उपलब्ध करवाई जा रही है तथा अधिक सुविधा हेतु नवीन मंडी डुंगलावदा में वर्तमान में गेहूं एवं प्याज के नीलाम करवाये जा रहे है तथा शीघ्र ही अन्य उपजों लहसुन, मक्का, सोयाबीन आदि का नीलाम करवाये जाने की प्रक्रिया जारी है एवं अन्य कार्य जो नवीन मंडी में कराये जाने शेष है वह शीघ्र ही पूर्ण कराते हुए कृषकों एवं व्यापारियों को सभी सुविधाएं उपलब्ध हो जायेगी, जिसके लिये सांसद सुधीर गुप्ता, नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, जिला कलेक्टर हिमांशु चन्द्रा, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) / भारसाधक अधिकारी डॉ. ममता खेड़े, सचिव उमेश कुमार बसेड़िया शर्मा कृषि उपज मण्डी समिति नीमच द्वारा एवं समस्त प्रशासन द्वारा किये जा रहे निरंतर प्रयास प्रशंसनीय है।