नीमच। शहर की कृषि उपज मंडी के लहसुन व्यापारी आज मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने एसडीएम ममता खेड़े को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से अवैध तरीके से भारत में लाई जा रही चीनी लहसुन की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की। साथ ही ज्ञापन के जरिये बताया कि भारत में चीनी लहसुन प्रतिबंधित है, मगर चोरी-चुपके से कुछ लोगों द्वारा यह लहसुन भारत में लाई जा रही है। जिससे यहां के व्यापारियों के साथ-साथ किसानों को भी नुकसान हो रहा है। यह लहसुन लोगों के स्वास्थ्य के लिए भी हानिकारक है। भारत में अवैध तरीके से लाकर बेची जा रही इस लहसुन पर प्रतिबंध लगाया जाए और इस तरह के कार्य में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इस दौरान नीमच कृषि उपज मंडी के सचिव उमेश बसेड़िया और नीमच कृषि उपज मंडी व्यापारी संघ के सचिव राजेंद्र खंडेलवाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।