चीताखेडा। नीमच जिले की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत चीताखेडा में विगत 18 सितम्बर 2024 को दिनदहाड़े बैंक में लूट की घटना बदमाशों द्वारा कारित की गई थी। दो नकाबपोश अज्ञात लूटेरे हाथों में बन्दुक लिए दोपहर को बैंक में दाखिल हुए और अंधाधुंध फायरिंग करते हुए बैंक से नगदी उड़ा ले गए थे। इस घटना में बैंक कर्मचारी और दो महिला ग्राहक गंभीर घायल हुए थे। इस बड़ी वारदात के 05 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस अभी तक लूटेरों तक नहीं पहुंच पाई हैं। जिसको लेकर क्षेत्रवासियों में भय और आक्रोश का माहौल व्याप्त हैं। लूट की घटना को लेकर रविवार को चीताखेडा में सर्वसमाज द्वारा धरना प्रदर्शन कर लूटेरो को जल्द से जल्द पकड़ने की कार्यवाई करने के लिए मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
सामाजिक कार्यकर्ता राजेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि 18 सितम्बर को चीताखेडा के मध्य प्रदेश ग्रामीण बैंक में लूट की वारदात हुई थी। नकाबपोश बदमाश हाथो में रिवाल्वर लेकर बैंक में घुसे और दनादन गोलिया चला दी। बैंक कर्मचारी ने रोकने का प्रयास किया तो उसके साथ मारपीट की जिससे वो गंभीर घायल हो गया। वहीं लूटेरों ने बैंक में उपस्थित दो महिला ग्राहकों पर भी फायरिंग कर दी जिससे महिलाओं के पैरो में गोलिया लगी और उनका नीमच जिला चिकित्सालय में ऑपरेशन कर गोलिया निकाली गई।
तोमर ने आगे कहा कि इस सनसनीखेज वारदात से ग्रामीणों और स्थानीय व्यापारियों में भय का माहौल हैं। घटना के 05 दिन बीत जाने के बाद भी लूटेरो तक पुलिस नहीं पहुँच पाई हैं। जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी प्रश्नचिन्ह खड़ा होता हैं। विगत एक माह में चीताखेडा चौकी क्षेत्र में कई चोरी की वारदाते हो गई हैं। चोर आमजन के आस्था के केंद्र मंदिरों को निशाना बना रहे हैं जिससे क्षेत्रवासियों में पुलिस के प्रति आक्रोश उत्पन्न होने लगा हैं। सीसीटीवी फुटेज में वारदात और लूटेरे साफ़ दिखाई दे रहे हैं लेकिन अभी तक पुलिस की पहुंच लूटेरों से कोसों दूर हैं।
समाजसेवी तोमर ने आगे बताया कि आज हमने चीताखेडा बैंक के सामने धरना देकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देकर मांग की हैं कि लूटेरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। साथ ही पुलिस को रात्रि में पेट्रोलिंग करनी चाहिए जिससे आमजन में अपराधियों का खौफ कम हो और ऐसी वारदाते भविष्य में न हो।