खनियांधाना। इन दिनों खनियांधाना नगर में नवरात्रि की तैयारी शुरू हो चुकी है. यहां बाहर आए कलाकारों द्वारा मां दुर्गा की मूर्तियों का निर्माण किया जा रहा है नवदुर्गा महोत्सव की शुरुआत 3 अक्टूबर से होगी और उसमें अब लगभग 10 दिन ही शेष रह गए हैं जिसके चलते अब प्रतिमा बनाने वाले परिवारों ने अपने काम की रफ्तार बढ़ा दी है. नवरात्रि में तहसील खनियांधाना सहित आसपास के क्षेत्रो में अलग-अलग जगहों पर मां दुर्गा की प्रतिमा को स्थापित किया जाता है. इसके बाद नवरात्रि के पहले दिन से इन प्रतिमाओं की पूजा-अर्चना की जाती है।
कोलकाता से आए मूर्ति कलाकारों और स्थानीय कलाकारों द्वारा बनाई जाने वाली मां दुर्गा की प्रतिमाएं बेहद सजीव जान पड़ती हैं। देवी की इन मूर्तियों को कलाकारों द्वारा करीब दो महीने पहले से बनाना शुरू कर दिया जाता है। कलाकार देर रात तक इन मूर्तियों का निर्माण करते हैं. वहीं मूर्तियों को सुंदर बनाने को लेकर इनमें होड़ भी दिखती है।
खनियांधाना नगर के स्थानीय सोनू दीक्षित ने बताया कि नवरात्रि को लेकर मां दुर्गा की मूर्ति का निर्माण शुरू कर दिया गया है. पिछले दो महीने से मूर्ति का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है और 30 सितंबर तक मूर्ति का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा. लगातार बारिश होने की वजह से मां की मूर्ति ठीक ढंग से सूख नहीं पाई है। जिस तरह से हम मां दुर्गा की मूर्ति बनाते हैं, उसे धूप की जरूरत होती है। वरिष्ठ कलाकारों के साथ युवा कलाकार भी मिलकर देर रात तक मां की मूर्तियों का निर्माण करते हैं। कलाकार गुसाईं ने कहा कि करीब दो महीने पहले से मां दुर्गा की मूर्ति का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाता है, जिसमें सभी लोग अपनी भागीदारी निभाते हैं। देवी की मूर्ति बनाने के लिए सभी सामग्री लोकल की ही लगाई जाती है, जैसे- तार, कागज, लकड़ी आदि चीजों का प्रयोग करके मूर्ति का निर्माण किया जाता है।