भोपाल। संत हिरदाराम साहिब का 119वां ष्अवतरण दिवसष् केवलराम चौनराय पब्लिक स्कूल एवं कला लक्ष्मणदास वेंसीमल गनवानी फाउंडेशन स्कूल में शनिवार को अत्यंत श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया, जिसमें भजन और रामधुन के माध्यम से संत का स्मरण किया गया।
इस मौके पर सिद्ध भाऊ ने कहा कि हमें संत जी के दिखाए गए मार्ग का अनुसरण करना चाहिए। उन्होंने सादा जीवन जीने, प्रेमभाव और सहयोग की भावना के साथ कार्य करने, और दीन-दुखियों की सहायता करने के लिए विशेष रूप से प्रेरित किया।
विद्यालय की प्राचार्या सुमन विश्वकर्मा ने संत हिरदाराम साहिब जी के अवतरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों को कहानी के माध्यम से संतों और गुरुओं के महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि संतों की संगति से ही मनुष्य अपने जीवन का उद्देश्य और लक्ष्य प्राप्त कर सकता है। संतों के आशीर्वाद से ही जीवन में सुख और शांति प्राप्त होती है।
विद्यालय की कोऑर्डिनेटर प्रीति भट्ट ने विद्यार्थियों को संत की महान जीवनी से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि संत जी के आशीर्वाद से कई शिक्षण संस्थाओं का निर्माण हुआ है और वे आज भी सफलता की ओर अग्रसर हैं। कार्यक्रम के दौरान रामधुन के साथ सभी ने ईश्वर के प्रति कृतज्ञता का भाव प्रकट किया। कार्यक्रम का सफल संचालन तृप्ति तिवारी द्वारा किया गया।