देवास। सड़कों पर विचरण करती गोमाताओं को नगर निगम के द्वारा गोशालाओं में पहुंचाया जा रहा है। वहां गोमाता की उचित देखभाल की जा रही है। निगम स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष धर्मेन्द्रसिह बेस ने कहा कि मेरा जनप्रतिनिधियों से निवेदन है, कि इस कार्य में हस्तक्षेप कर दबाव ना बनाएं। ऐसे जनप्रतिनिधियों के नाम हम सार्वजनिक करेंगे जो गोशाला से बगैर जुर्माना दिए गोमाता को छुड़वाने के लिए दबाव बनाते हैं। साथ ही ऐसे गोपालकों के नाम भी सार्वजनिक करेंगे जो गायों को सडकों पर घुमने के लिए छोड़ते हैं। समिति अध्यक्ष बैस ने कहा कि गोमाता पूजनीय है। कई लोग गायों को तो पालते हैं लेकिन उनकी उचित देखभाल नहीं करते। उन्हें दूध निकालने के बाद सड़क पर विचरण के लिए छोड़ देते हैं। वह कचरे के ढेर में भोजन की तलाश करती है। कई बार पन्नी तक निगल जाती है, जिससे उन्हें गंभीर बीमारी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया शहर की सड़कों पर भटकते हुए मवेशियों को पकड़ने के लिए नगर निगम ने अभियान शुरू कर रखा है। साथ ही शहर के सभी 45 वार्डों में गोपालकों की जानकारी जुटाई जा रही है। उन्हें हिदायत दी जा रही है कि वे अपने पशु की देखरेख करें और उन्हें खुला ना छोड़े। अगर मवेशी सड़कों पर भटकते हुए नजर आए तो उन्हें गोशाला में पहुंचाया जाएगा।हमारी टीम सड़कों से गायों को पकड़ रही है। उन्हें उन गोशालाओं में पहुंचाया जा रहा है,जहां गायों की संख्या कम है। सभी वार्डों में सर्वे भी किया जा रहा है।