भोपाल। सहायक शिक्षक एवं शिक्षक को 35 वर्ष सेवा होने पर चतुर्थ समयमान वेतनमान, शिक्षक एवं नवीन शिक्षक संवर्ग को अर्जित अवकाश और नगदीकरण सहित अन्य मांगों को लेकर मध्य प्रदेश शिक्षक कांग्रेस ने आंदोलन का ऐलान कर दिया है। संघ के अध्यक्ष सतीश शर्मा कहते हैं कि शिक्षकों की मांगों का जल्द निराकरण नहीं किया गया, तो चरणबद्ध आंदोलन होगा, इसके तहत हड़ताल भी की जाएगी। इसकी जल्द रणनीति बनाई जाएगी।
शर्मा ने कहा कि स्कूल शिक्षा विभाग की विडंबना ही है, यहां क्रमोन्नति आदेश हो जाते हैं तो लंबे समय तक वेतनमान नहीं दिया जाता है। क्रमोन्नति आदेश के लिए प्रस्ताव वरिष्ठ कार्यालय में दो-तीन साल तक पड़े रहते हैं। प्रस्ताव गुम जाने की भी शिकायतें होती हैं। उन्होंने कहा कि नवीन शिक्षक संवर्ग की 7वें वेतनमान की किस्त अभी तक नहीं दी गई। यह अतिशीघ्र जारी होनी चाहिए। संघ के अशोक प्रताप सिंह, अनीता सारस्वत, हरीश नामदेव, धर्मेंद्र सिंह, सुनील मिश्रा, राजेश राजावत, राम रतन, नरेंद्र तोमर, धर्मेंद्र रघुवंशी, कौशल शर्मा, दीपेंद्र कुशवाहा, शकुंतला तोमर, नलिनी शाक्य, सलमा शाह, हेमराज राणा, विजय सिंह, निर्भय सिंह, संजय माछीवाल, अमित सेंगर, साधना सिंह, मनोज मेहर, दौलत पंवार, कमल सिंह राजगढ़, बालू सिंह, अंबरीश शर्मा, सुरेश शर्मा, पंकज सिंघल, राजेश नामदेव, दलजीत कौर, दुर्गेश शर्मा, ताज मोहम्मद आदि ने इन मांगों को पूरा करने का अनुरोध किया है।
शिक्षकों की प्रमुख मांगें ...
35 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके सहायक शिक्षक/शिक्षक को चतुर्थ समयमान वेतनमान का लाभ दें।
शिक्षक/अध्यापक संवर्ग को अर्जित अवकाश की पात्रता एवं नगदीकरण का लाभ दें।
अध्यापक संवर्ग को नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता दें।
क्रमोन्नति निश्चित समय अवधि में मिले।
क्रमोन्नति वेतनमान तिथि पूर्ण होने पर तीन माह के अंदर लागू हो।
अध्यापक संवर्ग को सातवें वेतनमान की किस्त निश्चित समय पर दें।