छोटीसादड़ी। एसपी विनीत कुमार बंसल ने पहली बार छोटीसादड़ी पुलिस थाने का दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने सीएलजी सदस्यों की बैठक ली और क्षेत्र में कानून व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। बैठक के दौरान सीएलजी सदस्यों ने यातायात व्यवस्था में सुधार, अतिक्रमण हटाने, सीसीटीवी कैमरे लगवाने, चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने, अफीम-डोडा चूरा तस्करी, गांजे की बिक्री रोकने और ट्रकों से चोरी करने वाली गैंग पर कार्यवाही की मांग रखी। एसपी के आगमन पर सीएलजी सदस्यों ने मेवाड़ी साफा और माला पहनाकर उनका स्वागत किया। एसपी बंसल ने कानून व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण के लिए पुलिस अधिकारियों के साथ अलग से बैठक की। उन्होंने अफीम तस्करों और अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पुलिस जवानों से भी संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी और बेहतर पुलिसिंग के सुझाव दिए। इस दौरान डीएसपी गोपाल लाल हिंडोनिया, सीआई तेजकरण सिंह चारण सहित अन्य अधिकारी और सीएलजी सदस्य उपस्थित रहे।