रतलाम। शहर में सायबर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे है। ऐसे मामलों से सावधान व सजग रहने के लिए रतलाम पुलिस ने सायबर सिक्योरिटी एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने ऐसे मामलों से बचने के तरीके भी बताए है।
रतलाम शहर में पिछले दिनों सायबर ठगी के दो मामले सामने आए थे। एक मामले में तो डिजिटल अरेस्ट का प्रयास किया गया। लेकिन संबंधित समय रहते सायबर पुलिस के संपर्क में आ गया तो ठगी होने से बच गया। दूसरे मामले में एक ईंट व्यवसायी को यूपीआई लिंक भेज कर व्यवसायी की बेटी के अकाउंट से 99 हजार रुपए ठग लिए। इसके बाद रतलाम एसपी अमित कुमार एवं एएसपी राकेश खाखा ने सायबर फ्रॉड के तरीके व उनसे बचने के उपाय को लेकर सायबर सिक्योरिटी एडवाइजरी जारी की है।
एसपी अमित कुमार ने बताया आजकल सायबर फ्रॉडस्टर द्वारा ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर आम लोगों को ठगा जा रहा है। ऑनलाइन ट्रेडिंग फ्रॉड एवं इससे बचने के लिए सबसे पहले हमें सजग रहना है। कॉल किसका है, वेबसाइट, एप्लीकेशन समेत अन्य बातों को ध्यान देने की जरूरत है। उसके बारे में पहले पूरी तरह से जानकारी होना चाहिए। किसी के साझे में ना आए।