नीमच। विश्व दिव्यांग दिवस के उपलक्ष में जनपद शिक्षा केंद्र नीमच द्वारा विकासखंड स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन शासकीय बालक उमावि क्रमांक 2 मैदान परिसर में आयोजित किया गया। जिसमें नीमच तहसील की विभिन्न शालाओं व संस्थाओं के दिव्यांग बच्चों ने प्रतियोगिताओं में भाग लिया। जनपद शिक्षा केंद्र द्वारा आयोजित विकासखंड स्तरीय खेल प्रतियोगिता में दौड़, चित्रकला, चेयर रेस और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए। इसमें सीडब्ल्यूएसएन छात्रावास, रेडक्रॉस, इशू नवजीवन, रामपुर नवजीवन सहित विभिन्न शासकीय व अशासकीय शालाओं के दिव्यांग 95 बच्चों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, जिला पंचायत सीईओ अरविंद डामोर, जनपद शिक्षा केंद्र के डीपीसी दिनेश व्यास, बीआरसी योगेश कंडारा, एमआरसी पार्वती मोदी, गोपाल यदुवंशी, रेडक्रॉस से खुमान भारद्वाज, मुकेश शर्मा व अन्य की मौजूदगी में विजेता बच्चों को प्रथम, द्वितीय व तृतीय आने पर पुरस्कृत किया गया। साथ ही प्रतियोगिता में भाग लेने वाले अन्य बच्चों को भी प्रोत्साहन पुरस्कार से सम्मानित किया गया।