शिवपुरी। आज (शनिवार) दोपहर माधव नेशनल पार्क की चांदपाठा झील पर ड्रेजिंग मशीन का उद्घाटन करने पहुंचे केंद्रीय ज्योतिरादित्य सिंधिया के काफिले पर मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। इस दौरान सुरक्षाकर्मियों ने केंद्रीय मंत्री को जैसे तैसे बाहर निकाला। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मधुमक्खियों के हमले की चपेट में करीब एक दर्जन लोग आ गए।
बिना उद्घाटन किए ही लौट गए सिंधिया
हमले के कारण सिंधिया को ड्रेजिंग मशीन का उद्घाटन किए बिना ही लौटना पड़ा। जानकारी के मुताबिक आज दोपहर 3 बजे माधव नेशनल पार्क की सेलिंग क्लब पर केंद्रीय मंत्री सिंधिया ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन, जिला अध्यक्ष राजू बाथम सहित भाजपा के कई नेता पहुंचे थे। उनके साथ माधव नेशनल पार्क के अधिकारी सहित प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद थे।
कार्यक्रम में सिंधिया सहित ऊर्जा मंत्री और कुछ ही लोगों को नीचे चंद पाठक झील रामसर साइट के झील के पानी पर बने प्लेटफार्म पर जाने की अनुमति थी। बाकी लोगों को सेलिंग क्लब पर ऊपर ही रोक दिया गया था। इसी वजह से बड़ा हादसा होने से बच गया।
सुरक्षा कर्मियों ने ले जाकर गाड़ी में बैठाया
केंद्रीय मंत्री सिंधिया जैसे ही ड्रेजिंग मशीन की ओर बड़े तभी अचानक सेलिंग क्लब के निचले हिस्से में लगी मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। इस दौरान सुरक्षा कर्मियों ने केंद्रीय मंत्री को तत्काल पानी वाले प्लेटफार्म से बाहर निकाला और ले जाकर गाड़ी में बैठाया। इस दौरान प्लेटफार्म पर मौजूद कई लोगों को मधुमक्खियां ने काट लिया।
ड्रोन की आवाज से उड़ी मधुमक्खियां
बताया जा रहा है कि कार्यक्रम को शूट करने के लिए और सुरक्षा की दृष्टि से मौके पर ड्रोन उड़ाया जा रहा था, उसी की आवाज और हवा के चलते मधुमक्खियां भड़क गई थी। हालांकि अभी इस बात की पुष्टि नहीं हुई है।