नीमच। कायाकल्प की 3 सदस्यीय टीम आज नीमच के जिला अस्पताल फाइनल असेसमेंट के लिए पहुंची। कायाकल्प के तहत नीमच पहुंची टीम में डाक्टर माधव प्रसाद हसानी, डॉ पवन पाटीदार और भारती गहलोद शामिल है। फाइनल निरीक्षण के दौरान निर्धारित मापदंड और बिंदुओं पर कायाकल्प टीम ने अस्पताल और ट्रामा सेंटर के विभिन्न वार्ड, कक्ष और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
टीम के वरिष्ठ सदस्य माधव प्रसाद हसानी ने बताया कि हमारे द्वारा संक्रमण नियंत्रण की व्यवस्था, बायों केमिकल वेस्ट के उचित प्रबंध, अस्पताल और उसके आसपास की सफाई व्यवस्था, भवन के उचित रखरखाव, अपशिष्ट पदार्थों की निकासी, प्रसूति कक्ष, स्टाफ की दक्षता और अन्य तमाम व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया गया। जहां बेहतर कार्य है, उसकी सराहना की गई और कमी दिखने पर सुझाव दिए गए।
जिला अस्पताल द्वारा कायाकल्प के फाइनल निरीक्षण के लिए मापदंडों के आधार पर तैयारीयां की गई थी। जिला अस्पताल के जिम्मेदारों द्वारा नीमच के जिला अस्पताल को सर्वश्रेष्ठ अंकों पर लाने के प्रयास किए गए है। देखना दिलचस्प होगा कि कायाकल्प के निर्धारित मापदंडों पर जिला अस्पताल कितने नंबर हासिल कर पाता है।