शाजापुर। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 12 जनवरी 2025 को शाजापुर जिले के भ्रमण पर रहेंगे। दौरा कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. यादव 12 जनवरी 2025 को दोपहर 1.05 बजे स्टेट हेंगर भोपाल से हेलीकॉप्टर द्वारा प्रस्थान कर दोपहर 1.25 बजे शाजापुर जिले के कालापीपल पहुंचेंगे तथा स्थानीय कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। इसके उपरांत वे शाम 4.10 बजे कालापीपल से प्रस्थान कर शाम 4.30 बजे भोपाल पहुंचेंगे।
महिला सशक्तिकरण से समृद्धि की ओर मध्यप्रदेश-
सिंगल क्लिक से 1.27 करोड़ लाड़ली बहनों के खाते में 1553 करोड़ रूपये की राशि जमा होगी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 12 जनवरी 2025 को शाजापुर जिले के कालापीपल में आयोजित समारोह से 1 करोड़ 27 लाख लाड़ली बहनों के बैंक खातो में सिंगल क्लिक से 1553 करोड़ रूपये अंतरित करेंगे। इसी तरह 55 लाख सामाजिक सुरक्षा पेंशन हितग्राहियों को 335 करोड़ रूपये, 26 लाख बहनों को सिलेंडर रीफिलिंग के लिए 27 करोड़ रूपये की राशि भी सिंगल क्लिक से बैंक खातों में अंतरित करेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. यादव समारोह में 10 करोड़ 11 लाख 19 हजार रूपये लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी करेंगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. यादव कालापीपल के समारोह में शहरी विकास अभिकरण विभाग अंतर्गत वार्ड क्रमांक 05 में 116.00 लाख रूपये लागत की वाटर सप्लाई स्कीम इंप्रुवमेंट अंतर्गत पानी की टंकी (200 KL) क्लीयर वाटर मेन पाईप लाईन (552मी), डिस्ट्रीब्युशन लाईन (3356 मी.) 400 नल कनेक्शन तथा 104.99 लाख रूपये लागत के वार्ड क्रमांक 1 से 12 एवं 14 में सीसी सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन करेंगे।
इसी प्रकार कालापीपल में लोक निर्माण विभाग अंतर्गत 403.33 लाख रूपये लागत के 06 ट्रेड के आईटीआई भवन एवं 386.87 लाख रूपये लागत के शासकीय महाविद्यालय भवन कालापीपल में 06 अतिरिक्त कक्षों का लोकार्पण भी करेंगे।