मंदसौर। मध्यप्रदेश में एक बार फिर से मौसम बदल गया है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से मुरैना, ग्वालियर, भिंड, दतिया के रतनगढ़, श्योपुर, शिवपुरी और गुना में हल्की बारिश और आंधी की स्थिति बनी हुई है। प्रदेश की राजधानी भोपाल में भी बूंदाबांदी हुई। वहीं विदिशा, राजगढ़, रायसेन के सांची, निवाड़ी के ओरछा, टीकमगढ़, छतरपुर भी हल्की बारिश के जारी रहने की संभावना है। खजुराहो, छिंदवाड़ा और जबलपुर में कुछ घंटे बाद बारिश हो सकती है। आगामी दिनों में मालवा के नीमच व मंदसौर में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम वैज्ञानिक वीएस यादव ने बताया कि वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) की वजह बारिश का अलर्ट है। इस दौरान दिन-रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी, लेकिन सिस्टम के आगे जाने के बाद ठंड का असर बढ़ जाएगा। अगले 2 दिन बाद फिर से पारा लुढ़क जाएगा।

इन जिलों में बदला मौसम का मिजाज-
शनिवार को प्रदेश के कई जिलों में बादल छाए रहे। इनमें बैतूल, हरदा, खंडवा, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, कटनी, दमोह आदि शामिल हैं। इस वजह से दिन के तापमान में गिरावट भी देखने को मिली।

आगामी 3 दिन इन जिलों में होगी बारिश-
आज 12 जनवरी को जबलपुर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, सागर, दमोह, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, मैहर, कटनी, डिंडौरी, मंडला, सिवनी, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा में गरज-चमक और बूंदाबांदी हो सकती है। वहीं कल 13 जनवरी को मौसम खुला रहेगा। कहीं भी बारिश होने का अनुमान नहीं है। 14 जनवरी को भोपाल, राजगढ़, आगर-मालवा, मंदसौर, नीमच, श्योपुर, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया और शिवपुरी में बादल रहेंगे। कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हो सकती है।
