नीमच। पॉलिथीन मनुष्य के स्वास्थ्य के लिए तो हानिकारक है ही। पॉलिथीन में फेंका गया खाने-पीने का सामान बेजुबान प्राणियों के लिए भी जानलेवा साबित हो रही है। यह कितने खतरनाक तरीके से बेजुबान और निराश्रित पशुओं को नुकसान पहुंचा रही है, इसका अंदाजा भी नहीं लगाया जा सकता। विशेष रूप से इधर-उधर फेंकी गई पॉलिथीन बड़ी संख्या में निराश्रित पशुओं की मौत की एक बड़ी वजह है। बीती रात नीमच के बर्रूखेड़ा रोड पर तीन गोवंश मृत पाए गए। गौ सेवा दल के सदस्यों ने इन्हें पशु चिकित्सालय पहुंचाया। यहां गोवंश के शव का परीक्षण किया गया। जिससे पता चलता है कि गायों ने बड़ी मात्रा में पॉलीथिन और सड़ी गली वस्तुओं का सेवन कर रखा था। गौ सेवक मितेश अहीर ने बताया कि इन गायों में 20 किलो पॉलिथीन निकली है। वहीं पशु चिकित्सक डॉ के डी शर्मा ने बताया कि घरों से पॉलिथीन में फेंकी जाने वाली खाद्य सामग्री का पशुओं द्वारा अनभिज्ञता के कारण खा जाना ऐसी घटनाओं का बड़ा कारण है। साफ तौर पर ज़ाहिर है कि यह हमारी असंवेदनशीलता का बड़ा उदाहरण है। जिम्मेदारों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी इस बारे में एहतियात बरतने की जरूरत है। हमें गोवंश के प्रति श्रद्धा का भाव रखते हुए जिम्मेदाराना व्यवहार निभाना होगा।