मंदसौर। माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/ अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कपिल मेहता के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष में 13 जनवरी 2025 को बी आर नाहटा कॉलेज ऑफ फार्मेसी में स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से युवाओं में नशे की समस्या विषय पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सिद्धार्थ तिवारी ने स्वामी विवेकानंद जी के शिकागो धर्म सम्मेलन में दिए गए ऐतिहासिक भाषण का उल्लेख किया। उन्होंने भारतीय संस्कृति और दर्शन के महत्वपूर्ण पहलुओं को रेखांकित करते हुए युवाओं को प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं में बढ़ रही नशे की समस्या और इसके सामाजिक, आर्थिक, एवं मानसिक प्रभावों पर प्रकाश डाला। इसके साथ ही नशे और एचआईवी/एड्स के बीच गहरे संबंध को सरल भाषा में समझाते हुए विद्यार्थियों को इससे बचने के उपाय बताए। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वामी विवेकानंद जी के जीवन से प्रेरणा लेने, आत्म-सुधार के लिए सतत प्रयास करने और देश के विकास में सक्रिय योगदान देने हेतु प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर जिला एड्स कार्यक्रम अधिकारी राजेश रजक ने जिले में एचआईवी/एड्स पीड़ित व्यक्तियों से जुड़े अपने अनुभव साझा किए और इससे संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम में जिला विधिक सहायता अधिकारी प्रवीण कुमार, महाविद्यालय के स्टाफ और फार्मेसी के विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशामुक्ति, स्वास्थ्य, और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक करना था।