नीमच। रतलाम रेल मंडल के नवनियुक्त मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अवनीश कुमार ने मंगलवार को नीमच रेलवे स्टेशन का दौरा किया। विशेष ट्रेन से सुबह पहुंचे डीआरएम ने चित्तौड़गढ़ सेक्शन के प्रमुख स्टेशनों का निरीक्षण किया, जिसमें जावरा, मंदसौर और मल्हारगढ़ स्टेशन शामिल थे।
नीमच स्टेशन पर करीब आधे घंटे से अधिक समय तक डीआरएम ने प्लेटफॉर्म और स्टेशन परिसर का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और मौजूदा सुविधाओं का जायजा लिया। पर्यावरण और यात्रियों के सेहत को ध्यान में रखते हुए उन्होंने स्टेशन परिसर में अधिक से अधिक पौधरोपण के निर्देश दिए।
डीआरएम ने घोषणा करते हुए बताया कि नीमच से रतलाम रेल खंड का दोहरीकरण कार्य जून-जुलाई 2024 तक पूरा हो जाएगा। स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए जल्द ही पार्किंग व्यवस्था शुरू की जाएगी, जिसके लिए टेंडर प्रक्रिया शीघ्र आरंभ होगी। साथ ही, हेरिटेज बिल्डिंग के संरक्षण और बेहतर उपयोग के लिए योजना बनाई जा रही है, जिससे इमारत की ऐतिहासिक संरचना प्रभावित हुए बिना यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।