इंदौर। कांग्रेस नेता मंगलवार को नेशनल एजुकेटेड यूथ यूनियन (एनईवाईयू ) की राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्य राधे जाट से मिले। राधे को सोमवार को नोटिस जारी कर आदतन अपराधी बताया गया था। अब इस मामले में राजनीतिक गलियारों में भी हलचल तेज हो गई है। कल नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी ट्वीट कर सवाल उठाए थे।
दरअसल, एनईवाईयू के राधे जाट ने साथियों के साथ मिलकर अभ्यर्थियों की अलग-अलग मांगों को लेकर डीडी पार्क से एमपीपीएससी न्याय यात्रा निकालकर एमपीपीएससी ऑफिस के बाहर धरना प्रदर्शन किया था।
करीब चार दिन तक हजारों अभ्यर्थी कड़ाके की ठंड में एमपीपीएससी ऑफिस के बाहर धरने पर बैठे रहे। इसके बाद पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सहित कई कांग्रेस नेता इस प्रदर्शन में पहुंचे थे और अभ्यर्थियों को भरोसा दिलाया था।
इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा के बाद एनईवाईयू का एक प्रतिनिधि मंडल सीएम डॉ.मोहन यादव से मिलने पहुंचा था, जहां उन्हें मांगे पूरी होने का आश्वासन मिला था, जिसके बाद उनका धरना प्रदर्शन समाप्त हो गया था।
इसके बाद राधे जाट और रणजीत पर पुलिस ने दो से ज्यादा एफआईआर दर्ज की थी। हालही में राधे और रणजीत पर डीडी पार्क पर अभ्यर्थियों के साथ बैठक करने वाले थे। उसके पहले ही पुलिस ने दोनों को घर से उठा लिया था और जेल भेज दिया। इसके कुछ दिन बाद दोनों जेल से छूट गए। सोमवार को राधे को एक नोटिस जारी किया गया, जिसमें उसे आदतन अपराधी बताया गया।
राजनीतिक गलियारों में तेज हुई हलचल
नोटिस जारी होने के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई थी। एनईवाईयू ने ट्वीट कर नोटिस के बारे में जानकारी दी थी, जिस पर कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी एक ट्वीट किया था और कई सवाल उठाकर भाजपा को घेरा था। इसके बाद आज मंगलवार को कांग्रेस के नेता भी राधे जाट से मिलने पहुंच गए।
कांग्रेस नेता कर चुके थे समर्थन
मंगलवार को जिला कांग्रेस सेवा दल के कार्यकारी अध्यक्ष विवेक खंडेलवाल,सूचना अधिकार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष गिरीश जोशी सहित अन्य नेता राधे जाट से मिले। उन्होंने बताया कि एमपीपीएससी के छात्रों की मांगों को लेकर नेशनल एजुकेटेड यूथ यूनियन द्वारा एमपीपीएससी कार्यालय के बाहर एक बड़ा आंदोलन किया था, जिस आंदोलन का नेतृत्व राधे जाट एवं उनके साथियों द्वारा किया गया था।
बड़े आंदोलन की तैयारी में पार्टी
कांग्रेस पार्टी का एक दल नेशनल एजुकेटेड यूनियन के नेता राधे जाट के घर पर पहुंचा और उन्हें कांग्रेस पार्टी की तरफ से हर संभव मदद का भरोसा दिया। इंदौर शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरजीत सिंह चड्ढा ने फोन पर बात कर उन्हें कांग्रेस पार्टी द्वारा एक बड़ा आंदोलन बेरोजगार युवाओं के लिए करने का भरोसा दिया।
कांग्रेस पार्टी जल्दी इस मामले को लेकर बड़ा आंदोलन करेगी मुलाकात करते समय सुनील यादव, अतुल खंडेलवाल सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।