मंदसौर। मध्यप्रदेश में जनवरी माह में दो बार मावठा गिर चुका है। मौसम विभाग ने अब तीसरी बार भी मावठा गिरने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 2 दिन प्रदेश की राजधानी भोपाल, इंदौर, ग्वालियर समेत एमपी के आधे हिस्से में बारिश होने का अलर्ट है। 17 जनवरी से तेज ठंड का दौर फिर शुरू हो जाएगा। बारिश के दौरान गरज-चमक की स्थिति भी बन सकती है।

बुधवार को सुबह सतना, रीवा, मैहर, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली समेत 34 जिलों में कोहरा छाया रहा। शहडोल में गिरते तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने आज और कल 16 जनवरी को नर्सरी से 8वीं क्लास तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में छुट्टी घोषित की है। जिला शिक्षा अधिकारी एमएल पाठक ने कहा है कि इस दौरान शिक्षकों को स्कूल में मौजूद रहकर अपना काम करना होगा। 9वीं से 12वीं तक की कक्षाएं सामान्य रूप से चलेंगी।

मौसम वैज्ञानिक प्रकाश धामले ने बताया कि 15 और 16 जनवरी को वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) की एक्टिविटी का असर प्रदेश के पश्चिमी और उत्तरी हिस्से में देखने को मिलेगा। सिस्टम जैसे ही गुजरेगा, प्रदेश में ठंड का असर फिर से बढ़ जाएगा। 18 जनवरी से एक और वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होगा। इसके बाद बर्फीली हवा की रफ्तार बढ़ जाएगी और पूरा प्रदेश ठिठुर जाएगा। इससे पहले मंगलवार को 203 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से जेट स्ट्रीम हवा चली।
कब, कहां होगी मावठे की बारिश-
आज 15 जनवरी को भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, सागर, दमोह, गुना, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, राजगढ़, आगर-मालवा, शाजापुर, सीहोर, हरदा, देवास, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन, बड़वानी, धार, झाबुआ, रतलाम, मंदसौर, नीमच में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, नीमच और मंदसौर में गरज-चमक की स्थिति भी बनेगी। जबकि सतना, रीवा, मैहर, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में कोहरा रहेगा।

16 जनवरी को भोपाल, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, निवाड़ी, रीवा, मऊगंज, छतरपुर, पन्ना, कटनी, दमोह, सागर, विदिशा, रायसेन, सीहोर, बैतूल, छिंदवाड़ा में हल्की बारिश हो सकती है। 17 जनवरी को इस दिन मौसम साफ रहने का अनुमान है। वहीं ठंड का असर भी बना रहेगा।