जबलपुर। फिल्म अभिनेता और महाभारत सीरियल के भगवान श्री कृष्ण नितीश भारद्वाज को एमपी हाइकोर्ट से बड़ा झटका लगा है। दो नाबालिग बेटियों के पासपोर्ट नवीनीकरण पर नितीश भारद्वाज ने आपत्ति लगाई थी। एमपी हाईकोर्ट ने नितीश भारद्वाज की आपत्ति को खारिज करते हुए नाबालिग बेटियों के पासपोर्ट का नवीनीकरण करने के निर्देश दिए है।
दरअसल दो जुड़वा नाबालिग बेटियों के पासपोर्ट रिन्यूवल को लेकर नीतीश की पत्नी और आईएएस अफसर स्मिता भारद्वाज ने एमपी हाईकोर्ट में याचिका लगाई थी। संरक्षक होने के नाते नाबालिग बेटियों की मां आईएएस अफसर स्मिता भारद्वाज ने हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की थी। मामले की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने टिप्पणी की पासपोर्ट नवीनीकरण में पिता की सहमति अनिवार्य नहीं है। 16 जनवरी को नितीश भारद्वाज की दोनों बेटियों के पासपोर्ट की मियाद खत्म हो रही है। इंग्लैंड के ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में होने वाले बुक लॉन्च के समारोह में दोनों बेटियों के जाने के लिए मां ने पासपोर्ट नवीनीकरण सम्बन्धी याचिका दायर की थी। महाभारत फेम नितीश भारद्वाज ने मुंबई कोर्ट में पारिवारिक विवाद का केस चलने का हवाला देकर आपत्ति की थी।