नीमच। शहर के जिला अस्पताल के बाहर परिसर की सड़क जर्जर स्थिति में है। लंबे समय से यहां सड़क ना होने की वजह से मरीजों को असहनीय परेशानियों का सामना करना पड़ता है। जिसे लेकर सड़क बनाने की मांग लंबे समय से उठ रही है। जिला अस्पताल के अधिकारियों और जिम्मेदारों का कहना है कि पीडब्ल्यूडी विभाग से चर्चा जारी है।
गौरतलब है कि जिला अस्पताल में विभिन्न रोगों से पीड़ित और दुर्घटनाग्रस्त लोग इलाज के लिए यहां आते हैं। अनेक तरह की जांच इसी परिसर में होती है। विशेष रूप से बात करें प्रसूति के लिए आने वाली गर्भवती महिलाओं की, डायलिसिस के लिए आने वाले किडनी पेशेंट की या फिर वृद्ध और बीमार बच्चों की सभी का यहां आना जाना होता है। ऐसे में स्ट्रेचर या व्हीलचेयर से इस टूटी फूटी सड़क पर लाना ले जाना भी तकलीफदेह साबित होता है। ट्रामा सेंटर से भी रोगियों को यहां लाया जाता है। ऐसे में जिला अस्पताल के लिए इस जर्जर रोड का निर्माण बहुत अहम हो जाता है। जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अमला भी इस समस्या से भली भांति वाकिफ है।