भोपाल। कल प्रदेश के सभी संभागों में लोक निर्माण विभाग के इंजीनियर्स के लिए सड़क, भवन और पुल निर्माण में गुणवत्ता नियंत्रण और परियोजना प्रबंधन विषय पर एक कार्यशाला आयोजित की जा रही है। विभाग के मंत्री और अफसरों का मानना है कि इस प्रदेश स्तरीय कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, नियोजन और प्रबंधन को बेहतर बनाना है, जिससे लोक निर्माण विभाग की कार्य प्रणाली और अधिक प्रभावशाली बनेगी।
यह कार्यशाला विभाग के काम में पारदर्शिता लाने और पीडब्ल्यूडी इंजीनियर्स को प्रोडक्टिव तरीके से काम करने के लिए आयोजित की जा रही है। इस पहल के जरिए अभियंताओं के काम में कसावट की तैयारी की जा रही है। प्रशिक्षण का कार्य विभाग के चीफ इंजीनियर करेंगे, जिन्हें विभिन्न संभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और कार्य क्षमता बढ़ाने के लिए विभागीय इंजीनियर्स के नियमित प्रशिक्षण पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम अभियंताओं की क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ उनकी कार्य क्षमता में भी वृद्धि करेगा।
मंत्री सिंह ने कहा कि एक विकसित प्रदेश से विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने में इंजीनियर्स की भूमिका महत्वपूर्ण है। उनका समय-समय पर प्रशिक्षण कर उन्हें नवीन निर्माण तकनीकों और समसामयिक विषयों से प्रशिक्षित करना आवश्यक है।
मंत्री सिंह ने यह भी कहा- पीडब्ल्यूडी के इंजीनियर्स को गर्व होना चाहिए कि यह निर्माण हमने किया है। यह लोक निर्माण से लोक कल्याण की भावना को मूर्त रूप देने का सुनहरा अवसर है, जिसे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ पूरा किया जाना चाहिए।